Home NEWSसिस्टम फेल या लापरवाही? जाम में फंसी एंबुलेंस, नवजात की मौत

सिस्टम फेल या लापरवाही? जाम में फंसी एंबुलेंस, नवजात की मौत

कुछ मिनट की देरी बनी मौत की वजह, एंबुलेंस में ही खत्म हुई जिंदगी

by Arvind Saw
0 comments

रांची – झारखंड की राजधानी रांची से एक बेहद दुखद और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। यहां भीषण ट्रैफिक जाम के कारण एक एंबुलेंस समय पर अस्पताल नहीं पहुंच सकी, जिससे मां की गोद में ही नवजात बच्चे की मौत हो गई। इस घटना ने शहर की ट्रैफिक व्यवस्था और आपातकालीन सेवाओं पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।


जानकारी के मुताबिक, नवजात की तबीयत अचानक बिगड़ने के बाद उसे एंबुलेंस से अस्पताल ले जाया जा रहा था। लेकिन रास्ते में कांटाटोली बस स्टैंड के पास भारी जाम लग गया। सड़क पर बसों और ऑटो के खड़े होने तथा अव्यवस्थित ट्रैफिक के कारण एंबुलेंस काफी देर तक फंसी रही। इसी दौरान बच्चे की हालत लगातार बिगड़ती गई और अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसने दम तोड़ दिया।
डॉक्टरों का कहना है कि यदि एंबुलेंस समय पर अस्पताल पहुंच जाती, तो बच्चे की जान बचाई जा सकती थी। इस देरी ने नवजात के लिए जानलेवा साबित हुई। वहीं, पिता ने दुख जाहिर करते हुए कहा कि उन्हें किसी से व्यक्तिगत शिकायत नहीं है, लेकिन ऐसी स्थिति दोबारा किसी और के साथ न हो, इसके लिए व्यवस्था में सुधार जरूरी है।


स्थानीय लोगों के अनुसार, उस इलाके में अक्सर जाम की समस्या रहती है। सड़क पर बस और ऑटो खड़े कर सवारी बैठाने-उतारने से यातायात बाधित होता है। इसके अलावा, ट्रैफिक पुलिस की मौजूदगी भी उस समय नदारद थी, जिससे स्थिति और बिगड़ गई।
यह घटना न सिर्फ एक परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है, बल्कि प्रशासन के लिए भी एक चेतावनी है। आपातकालीन वाहनों के लिए रास्ता साफ रखना और ट्रैफिक व्यवस्था को दुरुस्त करना बेहद जरूरी है, ताकि भविष्य में ऐसी दुखद घटनाओं को रोका जा सके।

You may also like

Leave a Comment

Adblock Detected

Please support us by disabling your AdBlocker extension from your browsers for our website.